पहली पोस्टिंग के दौरान ही पास की यूपी एसआई परीक्षा, थाने में हुआ सम्मान और बधाइयों का दौर
स्ट्रिंगर रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम
जौनपुर, ( केराकत )
कहते हैं कि मेहनत और लगन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है केराकत थाने में तैनात सिपाही सचिन कुमार सोनकर ने। वर्ष 2025 बैच के आरक्षी के रूप में पहली पोस्टिंग पाने वाले सचिन ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर वर्ष 2026 की उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (एसआई) परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली।
फतेहपुर जिले के कोराई गांव निवासी सचिन कुमार सोनकर, पुत्र दिनेश सोनकर, ने वर्ष 2025 में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की थी। वर्तमान में उनकी तैनाती केराकत थाने में है। ड्यूटी के साथ-साथ लगातार पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने यूपी एसआई परीक्षा में भी सफलता का परचम लहरा दिया।
सचिन ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा फतेहपुर में ही हुई। वर्ष 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पुलिस सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और लगातार तैयारी में जुटे रहे। उनके पिता किसान हैं, जबकि माता मालती देवी गृहिणी हैं। परिवार में उनके चाचा उत्तर प्रदेश पुलिस में निरीक्षक पद पर तैनात हैं, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिली।
सिपाही से उपनिरीक्षक बनने की उपलब्धि पर केराकत थाने में खुशी का माहौल रहा। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे, उपनिरीक्षक श्रीराम सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने सचिन सोनकर को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि “सचिन सोनकर एक मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी हैं। ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर उन्होंने जो सफलता हासिल की है, वह अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। पुलिस परिवार को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।”








