सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को 1035 सहायक उपकरण वितरित

0
10

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा के प्रथम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर तथा जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित शिविर में करीब 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को 48 लाख रुपये की लागत से 1035 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद तथा एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में लाभार्थियों को व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, कान की मशीन, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर, घुटने एवं कमर की बेल्ट सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए गए। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं 20 हजार रुपये की सहायता का चेक तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं ओडीओपी जूट वॉल हैंगिंग भेंट कर किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना सशक्त भारत की पहचान है। केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 317 दिव्यांगजनों को 48 लाख रुपये की लागत से 1035 सहायक उपकरण वितरित किया जाना समान अधिकारिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सहायक उपकरण वितरण को दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ाने वाला कदम बताया।
समाजसेवी अभिनव सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में दिव्यांगजनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके आत्मनिर्भर बनने की कामना की।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के प्रथम दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए दिव्यांगजनों को उपकरण देकर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभागों को कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।
एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा ने बताया कि जनपद में पूर्व में चिन्हांकन शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया था। इसी क्रम में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर की श्रृंखला के तहत गाजीपुर में सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हॉल तक पहुंचाने हेतु व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी तथा वॉलिंटियर्स की भी तैनाती की गई थी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, सीडीओ आलोक प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें