जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत

0
6

 

 

हंसवर/अम्बेडकर नगर

हंसवर। इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी की धूम रही। हंसवर क्षेत्र के कटोखर और गोहिला जलालपुर गांव से अकीदतमंदों ने उत्साह के साथ जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नाते पाक के जरिए पैगंबर-ए-इस्लाम की आमद की खुशी का इजहार किया गया।

बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों गांवों से निकले जुलूस में लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। नातख्वानों ने अपनी आवाज में नाते पाक पेश कीं, जिन्हें सुनकर अकीदतमंदों में खुशी और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक नारों के साथ पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी मनाई।

जुलूस विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए हंसवर गन्ना मिल के समीप पहुंचा। इसके बाद जुलूस वापस कटोखर चौराहे की ओर रवाना हुआ और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम का समापन किया गया। रास्ते में समाजसेवियों की ओर से जगह-जगह शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी। भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था जुलूस में शामिल लोगों के लिए काफी राहतगार रही।

कार्यक्रम के दौरान कारी मोकरबीन ने तकरीर करते हुए जश्ने आमद-ए-रसूल और जश्ने विलादत की सभी को मुबारकबाद दी। उन्होंने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर अमल करने तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में हाफिज मेराज की अध्यक्षता में मोहम्मद आमिर, एहसान अशरफ, लुकमान अली अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं अशफाक मास्टर ने पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हंसवर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जुलूस के मार्ग पर निगरानी रखी। सिपाही अभिषेक प्रताप, राजकुमार उर्फ राजा यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। पुलिस की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें