अम्बेडकरनगर।
बसखारी थाना क्षेत्र के संदहा के पुरवा मूसरा गांव में बुधवार दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
संदहा के पुरवा मूसरा निवासी सतीराम पुत्र विपत बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकलकर नाउनगर चौराहे पर पान खाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरने से सतीराम उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलते ही सतीराम के भाई पतिराम मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सतीराम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर बसखारी पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि मृतक सतीराम के परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। उनका पुत्र सुरेंद्र पुलिस बल में अमेठी जिले में तैनात है। पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।



















