अंबेडकरनगर
परिजात एकेडमी स्कूल, ईंधना में वार्षिक उत्सव (ऐनुअल डे) बड़े ही धूमधाम, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हें बच्चों के रंगारंग समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक एवं लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट और सुसज्जित मंच से विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। अभिभावकों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।विद्यालय के प्रिंसिपल आनन्द शुक्ला ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, अनुशासन एवं नैतिक शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित फाउंडर मेंबर शिव प्रसाद मिश्रा, अरविन्द मिश्रा एवं श्री प्रकाश मिश्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। समारोह के अंत में शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर परिजात एकेडमी स्कूल का ऐनुअल डे समारोह प्रतिभा, अनुशासन और संस्कारों का सुंदर संगम रहा, जिसने सभी के हृदय में विशेष स्थान बना लिया।



















