पवई पुलिस ने खोली चोर गैंग की पोल, चार गिरफ्तार,बंद मकानों की रेकी कर बनाते थे निशाना, 5.50 लाख के जेवर और नकदी बरामद

0
3

आजमगढ़ पवई

 

आजमगढ़ जिले के पवई पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से करीब 5.50 लाख रुपये कीमत के 14 सोने और 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, एक तमंचा-कारतूस, एक टेंपो और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर आजमगढ़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार चोरी की घटनाओं के अनावरण का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी उमाशंकर गौतम अपनी पत्नी के साथ अंत्येष्टि में गांव में गए थे। बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे बक्से से सोने-चांदी के आभूषण, करीब 10 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।

इसी क्रम में 18 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल एसओजी

एवं सर्विलांस टीम के साथ पहुँच गए और अंबारी रोड स्थित बाग बहार पुलिया के पास घेराबंदी कर दिया । यहां हरे रंग के टेंपो और दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में मो. अब्दुल्ला निवासी सठियांव, अम्बेश कुमार निवासी कुकुड़ीपुर सठियांव, आकाश कुमार निवासी गजाड़ा सठियांव और विकास सोनी निवासी सरायमीर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने कोतवाली आजमगढ़, रौनापार, अहरौला और पवई थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन का कहना है कि आरोपित ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनके मालिक या परिजन घर से बाहर गए हों अथवा मकान बंद हो। मौका मिलते ही ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी कर लेते थे। गिरफ्तार आरोपितों में अब्दुल्ला के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, चोरी का माल अंबेडकरनगर में बेचने की योजना थी और गिरफ्तारी के समय भी आरोपित रेकी के उद्देश्य से घूम रहे थे।

पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। अब्दुल्ला का लंबा आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने दर्ज किया है, जिसमें आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले शामिल हैं।

संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें