सुल्तानपुर
सुलतानपुर, 05 अक्टूबर/विगत दिनों सड़क दुर्घटना में माता-पिता एवं बड़े भाई की मृत्यु के बाद अनाथ हुई अलीपुर बाजार की चार बहनों से सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह से मुलाकात की। इनमें बड़ी पुत्री शिवांगी गुप्ता बालिग हैं, जबकि तीन अन्य बहनें नाबालिग हैं। जिलाधिकारी ने बच्चियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कादीपुर, जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ), सहायक श्रम आयुक्त तथा बाल कल्याण समिति के सदस्यगण के साथ चारों बहनों की शिक्षा, आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्रता के अनुसार उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शिक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।


















