मुडिला /कादीपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने अपहृत एक वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे के अपहरण और उसे बेचने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। शनिवार दोपहर 12:30 बजे एसपी ने प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया। 7 नवंबर 2026 को जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना निवासी एक महिला ने कादीपुर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने एक वर्षीय बेटे को कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर करीब 8 साल की बेटी के पास छोड़कर पानी लेने गई थीं। लौटने पर बच्चा वहां नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 5 नवंबर 2026 को आरोपी महिला ने कादीपुर के पटेल चौराहे पर एक छोटी बच्ची को बहलाया और उसकी गोद में मौजूद बच्चे को ले गई। इसके बाद उसने बच्चे को कादीपुर खुर्द निवासी जितेंद्र को 50 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र बच्चे को बेचने के लिए मुंबई भी ले गया था। वहां सौदा तय नहीं होने पर वह लौट आया और बच्चे को फिर बेचने की कोशिश कर रहा था। एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश और एएसपी बृजनारायण सिंह की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, महिला से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर ग्राम मगरावां में साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास दबिश दी गई। वहां से जितेंद्र को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद किया गया।
पुलिस ने केस में बीएनएस की धारा 143 और 145 जोड़ी है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
विवेक कुमार पत्रकार की रिपोर्ट













