गाजीपुर में 196 जर्जर विद्यालय भवन तीन दिन में होंगे ध्वस्त, डीएम ने दिए निर्देश

0
10

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद के परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं विद्यालय भवनों की स्थिति की समीक्षा के संबंध में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित 196 जर्जर एवं असुरक्षित विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अगले तीन दिवस के भीतर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, जर्जर विद्यालय भवन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा के लिए गंभीर विषय हैं। शासन के निर्देशों के अनुरूप ऐसे भवनों के संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर बच्चों की सुरक्षा से समझौता न हो।
जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि, ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत निर्धारित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं शिक्षण-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारी एवं ग्राम पंचायतें आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने लंबित कायाकल्प कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों में होने वाले कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि, विद्यालयों में कराए जा रहे विकास एवं कायाकल्प कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए और जहां भी कार्य लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परिषदीय विद्यालयों की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। साथ ही जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण एवं ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि, बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें