गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत जनपद के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग, महिला कल्याण विभाग एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन राइफल क्लब स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर 109 पंचायत सहायकों, 10 वन स्टॉप सेंटर कर्मियों तथा सेवायोजन विभाग के माध्यम से चयनित 72 युवाओं को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरित किए गए। नियुक्ति एवं रोजगार का अवसर मिलने पर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि, प्रदेश सरकार के नेतृत्व में मिशन रोजगार के माध्यम से युवाओं को बिना भेदभाव एवं पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, पंचायत सहायक गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे ग्राम पंचायतों में सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा ग्रामीणों को विभिन्न जनसेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि, अगस्त 2026 में जनपद में 109 पंचायत सहायकों की नियुक्ति की गई है। जनपद की कुल 1238 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष अब तक 1206 पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष 32 ग्राम पंचायतों में चयन की कार्यवाही चल रही है। पंचायत सहायकों द्वारा ग्राम सचिवालयों को क्रियाशील रखने के साथ ग्रामीणों को जनसेवा केंद्रों के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ग्राम पंचायत विकास योजना की ऑनलाइन फीडिंग तथा अन्य विभागीय कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत अगस्त माह में 10 कार्मिकों का वन स्टॉप सेंटर के लिए चयन किया गया है। ये कार्मिक संकट एवं हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता एवं सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगी। सेवायोजन विभाग द्वारा भी युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। अगस्त से दिसंबर 2026 तक जनपद में 23 रोजगार मेलों के आयोजन की योजना है। अप्रैल से अगस्त 2026 तक आयोजित 13 रोजगार मेलों के माध्यम से 977 अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। अगस्त माह में 72 युवाओं को हिन्डालको, रेनुकोट, ग्लोबल ऑटोटेक एवं पूर्वांचल जैसी कंपनियों में रोजगार के ऑफर लेटर उपलब्ध कराए गए।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि, शासन की मंशा प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक सहायक उपलब्ध कराने की है, जिससे पंचायतों के कार्य डिजिटल एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो सकें। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी।
विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि, प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश बिन्द, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं चयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर
















