तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को रौंदा, चार युवक घायल; तीन की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

0
4

पत्रकार रेशमा प्रजापति

शाहगंज –  जौनपुर कोतवाली क्षेत्र के मजडीहा गाँव स्थित बालू मंडी के समीप बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार नैनो कार ने दो बाइकों पर सवार चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए, जबकि अनियंत्रित कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीन युवकों की हालत गम्भीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, कौड़ियां गाँव निवासी साहिल (20) पुत्र राम असारे, प्रियांशु (25) पुत्र लाला, दिपांशु (26) पुत्र लाला तथा राकेश कुमार (20) पुत्र रामजीत दो अलग-अलग बाइकों से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे जौनपुर-शाहगंज मुख्य मार्ग पर मजडीहा गाँव स्थित बालू मंडी के पास पहुँचे, सामने से तेज गति से आ रही नैनो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी पटरी पर पहुँच गई और दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय भिजवाया।

 

राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद साहिल, दिपांशु और प्रियांशु की हालत गम्भीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जबकि राकेश कुमार का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुँच गए, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें