जखनिया तहसील प्रशासन की कार्रवाई से 2.02 करोड़ की भूमि हुई कब्जामुक्त

0
14

गाजीपुर। तहसील जखनिया के ग्राम सादात में आबादी के रूप में दर्ज भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के विरुद्ध प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त करा लिया है। उप जिलाधिकारी जखनिया ने बताया कि ग्राम सादात स्थित गाटा संख्या-30, रकबा 0.253 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में आबादी के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि पर कतिपय व्यक्तियों द्वारा अनधिकृत कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कराया गया तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। जांच के दौरान गाटा संख्या-30 की भूमि पर अनधिकृत कब्जा पाया गया। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए 16 सितम्बर 2026 को राजस्व विभाग एवं नगर पंचायत की टीम की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटवा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में 0.253 हेक्टेयर भूमि पूरी तरह कब्जामुक्त करा ली गई है। इस भूमि की बाजारू कीमत लगभग 2 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है। उक्त भूमि पर नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है।

उप जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि भूमि पर दोबारा किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए और इसकी नियमित निगरानी रखी जाए। भविष्य में पुनः अतिक्रमण का प्रयास किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने संस्कृत पाठशाला की भूमि को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को भी स्पष्ट किया है। प्रशासन के अनुसार गाटा संख्या-30 के समीप स्थित गाटा संख्या-309, रकबा 0.117 हेक्टेयर, राजस्व अभिलेखों में संस्कृत पाठशाला सादात के नाम से दर्ज है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्कृत पाठशाला की भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं किया गया है और पाठशाला पूर्ववत बनी हुई है।

प्रशासन ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण के लिए जिस भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है, वह गाटा संख्या-30 की आबादी भूमि है, जबकि संस्कृत पाठशाला की भूमि गाटा संख्या-309 है। दोनों भूमि अलग-अलग हैं। इस प्रकार संस्कृत पाठशाला की भूमि पर कब्जा किए जाने की बात भ्रामक है।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें