जौनपुर – जनपद के खुटहन थाना क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुटहन थाने में तैनात एसआई सदन नारायण सिंह स्वयं बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते नजर आए, जबकि दूसरी ओर पुलिस आम नागरिकों के खिलाफ बिना हेलमेट मिलने पर सख्ती से चालान की कार्रवाई कर रही है।
स्थानीय लोगों के बीच एसआई सदन नारायण सिंह खुटहन का बिना हेलमेट चलना कौतूहल का विषय बन गया , लोगों का कहना है कि जब पुलिस ही यातायात नियमों का पालन नहीं करेगी, तो आम जनता से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। उनका कहना है कि कानून का उद्देश्य सभी पर समान रूप से लागू होना है और नियमों के पालन में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि यदि लगाए गए आरोप सही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं यदि आरोप निराधार हैं, तो पुलिस प्रशासन को तथ्य सामने रखकर अपना पक्ष सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
यह मामला एक बार फिर कानून के समान अनुपालन और जवाबदेही को लेकर बहस का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस प्रकरण में क्या रुख अपनाता है और क्या नियमों के पालन का संदेश सभी के लिए समान रूप से लागू होता है।
रिपोर्ट – के मास न्यूज नेटवर्क














