October 9,2026आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद और महाराजगंज थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटके दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। निजामाबाद में नदी किनारे जंगल में पेड़ से एक अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिला, जबकि महाराजगंज क्षेत्र में घर के कमरे में पंखे से लटकी 25 वर्षीय विवाहिता की लाश मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदा भारी गांव में नदी किनारे जंगल में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने एक पेड़ से लटका अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर हाफ शर्ट और हाफ पैंट थी। ग्राम प्रधान के अनुसार, ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि घटना कई दिन पुरानी हो सकती है।
वहीं, महाराजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में 25 वर्षीय रिया मिश्रा पत्नी कृष्णकांत मिश्रा का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पत्रकार चंद्रशेखर यादव





















