7अगस्त का बड़ा कार्यक्रम: गोविंद साहब में CM योगी का दौरा: मंडलायुक्त-DIG ने तैयारियों का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

0
1

 

अम्बेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आलापुर तहसील क्षेत्र के रामनगर विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में होने वाले इस कार्यक्रम के मद्देनज़र बुधवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने हेलीपैड, मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, आगंतुकों के आवागमन मार्ग, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू और सुरक्षित बनाएं।

अधिकारियों ने विशेष रूप से विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल पर विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और समन्वित रूप से कार्य कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी., परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें