आजमगढ़ विकास खंड पवई के पवई–माहुल मार्ग स्थित बलुआ मोड़ पर लगातार हो रही बारिश के बीच छुट्टा पशुओं ने मुख्य सड़क पर डेरा जमा लिया है। आसपास के खेतों, खाली मैदानों और झाड़ियों में जलभराव होने के कारण पशु सड़क पर ही आराम कर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश के चलते पशुओं के बैठने के स्थान जलमग्न हो गए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में छुट्टा पशु सड़क पर ही बैठ जाते हैं। इससे भारी वाहनों, दोपहिया चालकों, साइकिल सवारों और पैदल यात्रियों को रुककर उनके हटने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार भारी वाहन चालक स्वयं उतरकर पशुओं को सड़क से हटाने के बाद ही आगे बढ़ पाते हैं।
सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को होती है। पशुओं के बीच से निकलने के डर से उन्हें काफी देर तक सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है। वहीं बारिश थमने के बाद यही छुट्टा पशु किसानों के खेतों में घुसकर फसलों को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
क्षेत्रीय निवासी राजकुमार, राजेश कुमार, बिजेंद्र, फिरतू, बब्लू सहित अन्य लोगों ने शासन-प्रशासन से छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने और उन्हें सुरक्षित गोशालाओं में भेजने की मांग की है।
संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट















