अम्बेडकर नगर।
अंबेडकर नगर जनपद के अकबरपुर क्षेत्र स्थित मीरानपुर मोहल्ले से शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक बंद मकान के भीतर चार मासूम बच्चों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
मृत बच्चों की पहचान शफीक (14 वर्ष), सऊद (12 वर्ष), उमर (10 वर्ष) और 8 वर्षीय एक मासूम बच्ची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे महरुआ थाना क्षेत्र निवासी नियाज के हैं, जो पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में रहकर नौकरी कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जब घर से काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे किसी तरह खुलवाया गया। जैसे ही लोग अंदर पहुंचे, वहां का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया—चारों बच्चे खून से लथपथ पड़े थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बच्चों की मां मौके से लापता है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति द्वारा विदेश में दूसरी शादी करने के बाद महिला मानसिक तनाव में रह रही थी। पुलिस इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है, हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंच गए और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया गया। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए।
पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना के बाद भय और शोक का माहौल है। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर इन मासूमों का कसूर क्या था और इस निर्दयी वारदात के पीछे की सच्चाई क्या है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जांच जारी है।

















