सुल्तानपुर में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर, करंट की चपेट में आने से टाइल्स मिस्त्री की मौत

0
3

 

 

कादीपुर /सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर थाना के अंतर्गत सपाही गांव में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। रास्ते में लटक रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आने से टाइल्स मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान बृजेश कुमार धुरिया निवासी ग्राम सपाही, थाना जयसिंहपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बृजेश कुमार टाइल्स मिस्त्री का काम करते थे और काम से लौट रहे थे। तभी रास्ते में काफी नीचे लटक रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि लटकते तार को लेकर कई बार विद्युत विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अगर समय रहते तार को सही कर दिया गया होता तो आज एक जान बच जाती। सूचना पर पहुंची जयसिंहपुर पुलिस और प्रशासन ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने विद्युत विभाग को सूचना देकर तत्काल लटके तार को सही करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। परिजनों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

 

अशोक कुमार पत्रकार

केमास न्यूज कादीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें