संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती नवविवाहिता की मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप

0
1

 

 

अम्बेडकरनगर

हंसवर थाना क्षेत्र के मैंदी घाट गांव में बुधवार को एक गर्भवती नवविवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही हंसवर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं तथा परिजनों में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जैनुद्दीनपुर गांव निवासी अब्दुल गफ्फार की 22 वर्षीय पुत्री गुलफिशा खातून का विवाह बीते सितंबर माह में मैंदी घाट गांव निवासी सुलाब के 24 वर्षीय पुत्र मो. तारिक के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि गुलफिशा गर्भवती भी थी। बुधवार को उसका शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने की सूचना मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए।

मृतका के भाई फैज़ल ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हंसवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। नवविवाहिता की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतका के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

हंसवर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जो इस रहस्यमय मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब दे सकती है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें