पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दरोगा भी घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार

0
1

 

 

हंसवर/अंबेडकरनगर हंसवर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। काजीपुर बाजार के पास नहर पटरी पर हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वहीं बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में उपनिरीक्षक रवि यादव की बाईं बांह को छूते हुए गोली निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, हंसवर पुलिस टीम रविवार शाम काजीपुर बाजार और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार कुछ संदिग्ध युवक अवैध असलहों के साथ नहर पटरी के रास्ते काजीपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरही से काजीपुर जाने वाली नहर पटरी पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान शिवम यादव और मोहम्मद जीशान के पैर में गोली लग गई, जबकि उपनिरीक्षक रवि यादव की बाईं बांह को छूते हुए गोली निकल गई।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मंजीत पाण्डेय को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे बरामद किए हैं। घायल दोनों आरोपियों और उपनिरीक्षक रवि यादव को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बसखारी भेजा गया।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और बरामद असलहों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें