अम्बेडकरनगर
हंसवर थाना क्षेत्र के लंगरतीर स्थित सरयू नदी में सोमवार सुबह एक मृत मगरमच्छ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पृथ्वीपुर गांव के कुछ ग्रामीण सुबह टहलने के लिए सरयू नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में तैरते एक बड़े मगरमच्छ पर पड़ी। अचानक मगरमच्छ को देखकर ग्रामीण घबरा गए और शोर मचाने लगे। पहले लोगों को लगा कि मगरमच्छ जीवित है, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों ने उसकी गतिविधि जानने के लिए पानी में पत्थर भी फेंके, लेकिन कोई हरकत न होने पर उसके मृत होने की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हंसवर पुलिस और वन विभाग को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ की लंबाई करीब पांच फीट थी। सूचना मिलने पर पीआरवी टांडा के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से मृत मगरमच्छ को नदी के गहरे पानी की ओर हटवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के कई घंटे बाद तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी रही। वहीं वन विभाग द्वारा मगरमच्छ की मौत के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि नदी में मगरमच्छ की तलाश और जांच के लिए विभाग को नाव की व्यवस्था करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सरयू नदी के इस क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाएं काफी कम होती हैं। ऐसे में नदी में मृत मगरमच्छ मिलने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। वन विभाग अब मगरमच्छ की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटा है।






















