अम्बेडकर नगर।
अम्बेडकरनगर जनपद में हाल ही में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। टाण्डा–बाँदा हाईवे के किनारे पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी आमिर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले में चार सगे भाई-बहनों के शव घर के अंदर बरामद हुए थे, जबकि उनकी माँ का शव पास के नाले के किनारे मिला था। इस निर्मम घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना के खुलासे के लिए अकबरपुर पुलिस और स्वाट टीम लगातार प्रयासरत थीं। जांच के दौरान आरोपी आमिर का नाम सामने आया, जो पहले भी हत्या और दुराचार जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका था और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने भागने और फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे घायल कर दिया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
इस एनकाउंटर के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।






















