आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने देशी शराब की दुकान पर जाली नोट देकर शराब खरीदने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को महराजगंज थाना क्षेत्र के सहदेवगंज निवासी उदयभान यादव, जो गांगेपुर मठिया स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं, ने रौनापार थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि रामअशीष यादव उर्फ बग्गड़ ने अपने साथी पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय को 100-100 रुपये के दो जाली नोट देकर शराब खरीदने के लिए भेजा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 285/2026 में धारा 179/180 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ग्राम पहाड़पुर गोड़ौली इंटरलॉकिंग के पास से सुबह करीब 6:17 बजे पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय पुत्र सुबाष राय, निवासी जोकहरा, थाना रौनापार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ रौनापार थाने में वर्ष 2017 के दो मुकदमे भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामअनुज शुक्ला और कांस्टेबल रविशंकर चौरसिया शामिल रहे।
सब ब्यूरो चीफ़ महादेव यादव आजमगढ की रिपोर्ट






















