महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ के आरोप पर भड़की छात्राएं, कार्रवाई की मांग, SDM लालगंज और सगड़ी के मनाने पर बनी बात
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक छात्राओं ने एक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर खुद को हॉस्टल के एक कमरे में बंद कर लिया। छात्राओं के इस कदम की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब पांच घंटे तक छात्राओं को समझाने का प्रयास चलता रहा।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। महिला कर्मचारी ने इस संबंध में छात्राओं को जानकारी दी, जिसके बाद छात्राएं आक्रोशित हो गईं। छात्राओं ने आरोपित कर्मचारी गुड्डू प्रसाद को विद्यालय से हटाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हॉस्टल के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया।
मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्राचार्य मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सगड़ी, क्षेत्राधिकारी लालगंज, एसडीएम लालगंज, एसडीएम सगड़ी समेत अन्य अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और कमरे से बाहर आने के लिए मनाने का प्रयास किया।
करीब पांच घंटे की मान-मनौव्वल के बाद छात्राओं ने कमरे का दरवाजा खोला। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में छात्राओं को भोजन कराया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर आरोपित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सब ब्यूरो चीफ़ महादेव यादव आजमगढ की रिपोर्ट






















