कांग्रेस कार्यालय कादीपुर में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती

0
2

कांग्रेस कार्यालय कादीपुर में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती

 

सुल्तानपुर

सुल्तानपुर जिले के कादीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित कांग्रेस कार्यालय में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमोद मिश्रा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन हृदय नारायण शुक्ला ने किया। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के नेतृत्व, निडरता और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

 

कृष्ण देव तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी जैसी लौह महिला प्रधानमंत्री का होना देश के लिए गौरव की बात थी। उन्होंने देश को मजबूत बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

 

इश्तियाक अहमद ने कहा कि भारत की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से रही है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

विश्वनाथ मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया और भारत को गौरवान्वित स्थान दिलाया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में शुरू की गई कई योजनाओं का लाभ आज भी समाज के लोगों को मिल रहा है।

 

कार्यक्रम संचालक हृदय नारायण शुक्ला ने इंदिरा गांधी की दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पेंशन जैसी व्यवस्थाओं को महत्व दिया।

 

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ध्रुव श्याम सिंह ने इंदिरा गांधी को निर्भीक नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना किया। अजय कुमार पांडे ने इंदिरा गांधी से जुड़ा एक पुराना संस्मरण साझा किया और कहा कि आम लोगों से उनका जुड़ाव उनके व्यक्तित्व की खास विशेषता थी।

 

मुख्य अतिथि प्रमोद मिश्रा ने कहा कि उन्हें इंदिरा गांधी के साथ बैठकर बातचीत करने का अवसर मिला था। उन्होंने इंदिरा गांधी के सरल और सौम्य स्वभाव को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व असाधारण था।

 

विधानसभा प्रभारी विजयपाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने सर्वसमाज और गरीब वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं लागू कीं। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने सहित देश की आर्थिक एवं कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान का उल्लेख किया।

 

अवधेश नारायण पाठक ने कहा कि इंदिरा गांधी के समय रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को अपने जीवन को बेहतर बनाने का अवसर मिला।

 

इस अवसर पर कालीचरण पांडे, ओमप्रकाश सिंह, जयराज गौतम, दिलीप सिंह, आशीष श्रीवास्तव, आदित्य सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें