भाई के बरीक्षा मे शामिल होने के लिए 13 अक्टुबर को पुणे से आया था घर
सुल्तानपुर
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के पतजूपहाड़पुर मजरा सेखौली पुल के निकट सोमवार शाम करीब छह बजे शौच के लिए गए दो युवकों पर चाकू और शराब की बोतलों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान दिलीप कुमार चौहान और अनिल कुमार सिंह निवासी बांधगांव, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। परिजन दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. विवेक वर्मा ने दिलीप कुमार चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनिल कुमार सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा और सीओ कादीपुर विनय गौतम सीएचसी पहुंचे। घायल को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया। पिता की तहरीर पर चार नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।



















