मुडिला / सुलतानपुर – जनपद के कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 108 एंबुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गंभीर मरीज को रेफर करने के बाद भी 2 घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
मरीज भानमती पत्नी रामजीत की हालत गंभीर होने पर सीएचसी कादीपुर के डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि रेफर के बाद से ही वह 108 पर लगातार फोन लगाकर एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन 2 घंटे बीत जाने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई।
इस दौरान गंभीर हालत में मरीज व्हीलचेयर पर ही अस्पताल परिसर में बैठी रही।
परिजन परेशान होकर इधर-उधर मदद मांगते रहे।
काफी देर इंतजार के बाद मरीज के परिजन मरीज भानमती को प्राइवेट वाहन से सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुए।
परिजनों ने कहा कि सरकार 108 को निशुल्क सेवा बताती है, लेकिन मौके पर यह व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई। समय पर एंबुलेंस न मिलने से मरीज की जान पर बन आई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर 108 सेवा में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे किसी और मरीज के साथ ऐसा न हो।
विवेक कुमार पत्रकार की रिपोर्ट
















