गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने विनीत राय हत्याकांड में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंधऊ हवाई पट्टी के पास से अभियुक्त जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना कोतवाली क्षेत्र में 30 मई 2026 को बिन्दू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या के संबंध में दर्ज मुकदमे में नामित वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह मय पुलिस टीम ने अभियुक्त को अंधऊ हवाई पट्टी के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, पुत्र केशव यादव, मूल निवासी कोठिया कोडरताल, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर तथा वर्तमान पता कालिधाम कॉलोनी, गौसाबाद, थाना कोतवाली, गाजीपुर का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2018 से 2025 तक कुल 12 अभियोग दर्ज बताए गए हैं। इनमें आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम, मारपीट, हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी तथा गैंगस्टर अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
वर्तमान में अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0365/2026, धारा 103(1), 191(2), 3(5), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मय टीम, थाना कोतवाली गाजीपुर तथा उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा शामिल रहे।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















