गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 345 वाहनों का चालान करते हुए लगभग 7 लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभिन्न टीमों का गठन कर जनपद के हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष रूप से तेज गति से वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ओवरस्पीड के 109 वाहनों, नॉइस पॉल्यूशन के 14 वाहनों तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 17 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हाईवे पर तेज रफ्तार एवं प्रेशर हॉर्न के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और असुविधाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा अनावश्यक रूप से हॉर्न और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने के लिए भी जागरूक किया गया।
जनपदीय यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















