स्ट्रिंगर रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम
जौनपुर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में विभिन्न जनसेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया के दिशा-निर्देशन तथा प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज के नवसंचालित ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर लगाया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, लायन्स क्लब मेन, अतुल्य ट्रस्ट, ब्लड सेंटर जिला चिकित्सालय एवं रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित शिविर में चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों सहित अन्य लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
इस दौरान नशा मुक्ति एवं नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी हुआ। लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. मौजूद रहे। मंत्री ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अभियान के जिला संयोजक अजय सिंह की मौजूदगी में अतिथियों ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न इमरजेंसी वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी ली गई।
प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से रक्तदान, नशामुक्ति जागरूकता और मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रम समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
5000 दीपों से जगमग होगा मेडिकल कॉलेज परिसर
सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना के प्रतीक के रूप में शाम को मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 5000 दीप प्रज्वलित किए जाने का कार्यक्रम रखा गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान का सामाजिक संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह सहित विभागीय चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
















