सुल्तानपुर
अखंड नगर, सुल्तानपुर। कादीपुर रोड स्थित पावर हाउस अखण्ड नगर के सामने शनिवार(आज) दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे बाइक चालक को भी चोटें आईं। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नरेंद्र प्रताप (65) अपने घर से अखंड नगर की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार अभिषेक (18) अखंड नगर से अपने घर की ओर लौट रहे थे। पावर हाउस के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में नरेंद्र प्रताप पुत्र चंद्र प्रकाश, निवासी टेनी हसनपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर तथा सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं अभिषेक पुत्र शिवबरस (18), निवासी बड़गांव, को हाथ और पैर में मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंड नगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक को घर भेज दिया, जबकि नरेंद्र प्रताप की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकर नगर (टांडा) रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















