समय पर इलाज’ के दावों की खुली पोल: PHC सोंधी में बंद मिली लैब, खून जांच को मरीज घंटों भटके

0
1

जौनपुर

सरकार भले ही सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को समय पर इलाज देने के दावे कर रही हो, लेकिन जौनपुर के सोंधी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आई।

जानकारी के अनुसार, खून की जांच कराने पहुंचे कई मरीजों को उस समय निराशा हाथ लगी, जब अस्पताल की प्रयोगशाला निर्धारित समय पर बंद मिली। लैब टेक्नीशियन के समय पर न पहुंचने के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बीमार होने के बावजूद मरीज जांच के लिए अस्पताल परिसर में बैठे रहे और स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही झेलते रहे।

मामले की जानकारी लेने के लिए जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी (एमओ) के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश का भी कोई जवाब नहीं मिला।

करीब सुबह 10:44 बजे मरीजों ने बताया कि प्रयोगशाला खुल चुकी है। कुछ देर बाद चिकित्सा अधिकारी का भी फोन आया और उन्होंने लैब खुलने की पुष्टि की। हालांकि, प्रयोगशाला देर से खुलने के कारण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

यह घटना न केवल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि उन मरीजों की परेशानी भी उजागर करती है जो समय पर जांच और उपचार की उम्मीद लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं। अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, या फिर मरीजों को इसी तरह परेशान होना पड़ेगा।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें