गाजीपुर। जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया में बिचौलियों द्वारा अवैध धनराशि लिए जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है।जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कासिमाबाद द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में जांच आख्या प्रस्तुत की गई। जांच में कुछ ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर बिचौलियों द्वारा 500 रुपये से लेकर 3,500 रुपये तक लिए जाने की शिकायतें मिली हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जन्म प्रमाण पत्र सहित किसी भी शासकीय सेवा को उपलब्ध कराने के नाम पर आमजन से किसी भी प्रकार की अवैध धनराशि की वसूली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय सेवाएं निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के तहत पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकार, एंटी करप्शन, वाराणसी को भी सूचित किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी विभाग में शासकीय कार्य के नाम पर बिचौलियों अथवा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अवैध धनराशि की मांग या वसूली का मामला सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों एवं कार्यक्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से भी अपील की कि किसी भी शासकीय प्रमाण पत्र अथवा सेवा के लिए यदि कोई व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। शिकायत मिलने पर प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर














