जिलाधिकारी ने डिजिटल लाइब्रेरी का किया आकस्मिक निरीक्षण, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के दिए निर्देश

0
1

गाजीपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा एवं अध्ययन की सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार देर सायं विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत रसूलपुर टी शेखपुरा में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा, अध्ययन सामग्री सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनके अध्ययन से संबंधित आवश्यकताओं, सुविधाओं तथा समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जिलाधिकारी से जानकारी साझा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि, डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध संसाधनों का अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखा जाए तथा कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी डिजिटल सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित इस प्रकार की डिजिटल लाइब्रेरियां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच मिल सकती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटल लाइब्रेरी का नियमित रूप से उपयोग सुनिश्चित कराने के साथ ही विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप सुविधाओं को और बेहतर किया जाए, ताकि इसका अधिकतम लाभ ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं विद्यार्थियों को मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायतराज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें