जौहरगंज दाह संस्कार घाट को आधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह बनाने की मांग

0
10

गाजीपुर। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के जौहरगंज स्थित दाह संस्कार घाट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग को लेकर सैदपुर विधायक अंकित भारती ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने जौहरगंज घाट को आधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के रूप में विकसित कराने का अनुरोध किया है, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान होने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री को भेजे अपने पत्र में विधायक अंकित भारती ने बताया कि जौहरगंज दाह संस्कार घाट पर प्रतिदिन औसतन 40 से 50 शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। यहां केवल गाजीपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जौनपुर, आजमगढ़ और चंदौली जनपदों से भी लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में शवों का प्रतिदिन पारंपरिक तरीके से दाह संस्कार होने के कारण घाट पर धुएं एवं प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होती है।
विधायक ने कहा कि जौहरगंज घाट का महत्व आसपास के कई जनपदों के लोगों के लिए है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में होने वाले अंतिम संस्कार को देखते हुए घाट पर आधुनिक व्यवस्था किया जाना आवश्यक है। इलेक्ट्रिक शवदाह गृह बनने से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित होगी तथा वातावरण में फैलने वाले धुएं एवं प्रदूषण को भी कम किया जा सकेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि जौहरगंज दाह संस्कार घाट को आधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए। विधायक ने इसे जनहित के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है।
विधायक अंकित भारती ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री द्वारा उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। जौहरगंज घाट के आधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में तब्दील होने से गाजीपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों से आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी और दाह संस्कार के दौरान होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने में मदद मिलेगी।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें