बल्दीराय /सुल्तानपुर
मंगलवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। हलियापुर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 86 (रामपुर बबुआन) के पास बिहार से लखनऊ जा रही मजदूरों से भरी एक अनियंत्रित डबल डेकर बस डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे पलट गई। इस हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
नींद की झपकी बनी हादसे का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार से ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर लखनऊ की ओर जा रही डबल डेकर बस (संख्या: BR03PA6789) मंगलवार लगभग दोपहर 3:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाने के कारण बस से नियंत्रण छूट गया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के नीचे पलट गई।
बस में मची चीख-पुकार, हाथ कटने से दो गंभीर
बस के पलटते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह खिड़कियों और दरवाजों से महिलाओं व बच्चों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल हुए बिहार के नेवादा जनपद (नया सिसुमा) निवासी अरविंद (45 वर्ष) पुत्र बाले माजे और उनकी पत्नी पिंकी देवी (43 वर्ष) का हाथ कट जाने से उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
200 के करीब सवार थे मजदूर
बस में सवार एक मजदूर राकेश के अनुसार, बस में महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 200 लोग सवार थे। यह सभी मजदूर लखनऊ के एक ईंट-भट्ठे पर दिहाड़ी मजदूरी का काम करने के लिए जा रहे थे।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की सुरक्षा व बचाव टीम और स्थानीय हलियापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए ‘सौ शैय्या अस्पताल’ (पिठला, कुमारगंज, जनपद अयोध्या) भिजवाया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ आशुतोष कुमार और नायब तहसीलदार गुलाब सिंह ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया तथा घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
















