गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों तथा समस्त थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्रों में घटित होने वाले विभिन्न अपराधों की प्रकृति, अपराधियों की गतिविधियों तथा अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टॉप-10 अपराधियों, गुंडा, माफिया तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में सुरक्षा एवं साक्ष्य संकलन की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, उन्हें लिंक करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पुलिस बीट प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने की समीक्षा की गई। पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्र, आईजीआरएस, ऑपरेशन दृष्टि एवं ऑपरेशन त्रिनेत्र समेत विभिन्न पुलिस अभियानों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याओं को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर















