गाजीपुर। जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की जाएगी। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाली बैठक अपराह्न 1:30 बजे से 3:00 बजे तक होगी।
बैठक में शिक्षक संकुल स्तर पर निर्धारित एजेंडा के अनुसार विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। शिक्षकों को शैक्षिक नवाचार, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
बैठक के प्रमुख एजेंडे में हाउस पॉइंट कार्ड (HPC) से संबंधित गतिविधियां, निपुण लक्ष्य एवं आईईसी शिक्षण सामग्री का कक्षा शिक्षण में प्रभावी उपयोग, शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) की आवश्यकता एवं प्रदर्शन तथा बालवाटिका में संचालित की जाने वाली शैक्षिक गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में विद्यालयों में उपलब्ध खेल सामग्री तथा स्पोर्ट्स ग्रांट के सदुपयोग पर भी विशेष चर्चा होगी। शिक्षकों को विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, खेल प्रतिभाओं की पहचान करने तथा उपलब्ध खेल सामग्री का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षक संकुल बैठकों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के बाद संबंधित सूचना प्रेरणा ऐप पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य शिक्षक संकुल बैठकों के माध्यम से शिक्षकों के बीच शैक्षिक अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान कराना तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करना है।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















