जर्जर व लटकते विद्युत तारों को तत्काल बदलें, स्कूलों से लाइनों की शिफ्टिंग प्राथमिकता पर हो: डीएम

0
1

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, उनकी क्षमता वृद्धि एवं आवश्यकता, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, विद्युत लाइनों के मेंटेनेंस, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग, बिजनेस प्लान तथा उसके तहत होने वाले टेंडरों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में जहां भी विद्युत तार जर्जर अथवा लटकते हुए हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। जिन ट्रांसफार्मरों में क्षमता वृद्धि की आवश्यकता है, उनकी क्षमता बढ़ाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। समीक्षा के दौरान लंबित आईजीआरएस प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। केवल औपचारिक निस्तारण के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में बिजनेस प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित एवं संचालित कार्यों तथा उनसे संबंधित टेंडर प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुसार पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाए। विद्युत आपूर्ति एवं विभागीय सेवाओं में सुधार के लिए अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। इस बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, समस्त अवर अभियंता तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त एसडीओ एवं जेई उपस्थित रहे।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें