काम पर न जाने से नाराज दबंगों ने दलित के घर में घुसकर की मारपीट एवं तोड़फोड़,पांच घायल,बुजुर्ग रेफर

0
10

 

 

महिलाओं और 2 माह के बच्चे को भी नहीं बख्शा, गर्भवती से अभद्रता का आरोप,अवसानपुर गांव का मामला

 

लम्भुआ, सुल्तानपुर

 

लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के अवसानपुर गांव में काम पर न जाने को लेकर एक दलित युवक के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिसमें एक 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल है जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पीड़ित दलित युवक प्रदीप सरोज ने आरोप लगाया है कि गांव के ही तीन लोग उसे जबरदस्ती काम पर ले जाने के लिए घर आए थे। बीमार होने के कारण मना करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी और चले गए। आरोप है कि दोपहर में वही तीनों लोग धारदार हथियार और लाठी-डंडा लेकर दोबारा आए और प्रदीप के बारे में परिजनों से गाली-गलौज करते हुए पूछताछ करने लगे।

परिजनों द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट एवं तोड़फोड़ की। आरोप है कि घर में मौजूद चार महिलाओं, एक बुजुर्ग और दो माह के बच्चे के साथ भी मारपीट की गई। महिलाओं से अभद्रता की गई, दो माह के बच्चे को उठाकर जमीन पर फेंक दिया गया और एक गर्भवती महिला को भी पीटा गया। बुजुर्ग राम सजीवन (70) पुत्र काली चरण के सिर पर धारदार हथियार से वार होने से सिर फट गया।

घायलों में राम सजीवन (70), शकुंतला पत्नी राम सजीवन (65), रंजू पत्नी राकेश (35), रीता पत्नी दीपू (25) और सुंदरी पत्नी सोनू (20) शामिल हैं। आरोप है कि हमलावर दो मोबाइल भी छीन ले गए और हल्ला-गुहार पर थाने में शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

मामले में लम्भुआ कोतवाली पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है और विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें