तीन दिन से लापता युवक का शव , तालाब में उतराता मिला
सुल्तानपुर
थाना क्षेत्र के मीरपुर प्रतापपुर गांव के प्रतापपुर दुबाना मजरे के पास गुरुवार दोपहर तालाब में युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान गौरव कुमार (20) पुत्र संजय कुमार निवासी मीरपुर प्रतापपुर (ठिठौलिया) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार गौरव मंगलवार की रात घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। गुरुवार को गांव के कुछ लोग तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उन्हें पानी में शव उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



















