रक्षाबंधन की रात हाईवे पर अकेली मिली मासूम, सिंगरामऊ पुलिस ने परिजनों तक पहुंचाया सुरक्षित

0
2

 

मुडिला/ कादीपुर

जौनपुर सिंगरामऊ रक्षाबंधन के अवसर पर सिंगरामऊ पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता की एक मिसाल सामने आई। देर रात हाईवे किनारे अकेली और परेशान हालत में मिली 11 वर्षीय बच्ची को पुलिसकर्मियों ने अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित थाने पहुंचाया। बाद में पहचान और आवश्यक पूछताछ के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, थाना सिंगरामऊ की कोबरा प्रथम टीम में तैनात कांस्टेबल सतीश कसौधन और रजत पाण्डेय शुक्रवार रात करीब 1:50 बजे हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे अकेली खड़ी एक बच्ची पर पड़ी। रात के समय सुनसान स्थान पर बच्ची को देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उससे बातचीत शुरू की। पुलिस को सामने देखकर बच्ची भावुक होकर रोने लगी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने थाने को सूचना दी। इसके बाद जनसुनवाई ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल वांदनी को मौके पर भेजा गया। महिला कांस्टेबल की निगरानी में बच्ची को सुरक्षित थाने लाया गया और उसे भरोसे में लेकर पूरी जानकारी ली गई।

 

पूछताछ में बच्ची ने अपना नाम रिया निषाद तथा पिता का नाम जियालाल निषाद बताया। वह सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के सोनावां गांव की रहने वाली है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन पर उसके माता-पिता बाइक से बदलापुर स्थित उसके ननिहाल गए थे। वह भी उनके साथ जाना चाहती थी, लेकिन माता-पिता उसे साथ नहीं ले गए। इसके बाद वह बिना बताए पैदल ही घर से निकल पड़ी।

 

काफी दूर पैदल चलने के बाद बच्ची थक गई। भूख-प्यास और सुनसान रास्ते के डर से वह हाईवे किनारे रुककर रोने लगी। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम की उस पर नजर पड़ गई और समय रहते उसे सहायता मिल गई।

 

पुलिस ने बच्ची द्वारा बताए गए संपर्क के आधार पर उसके माता-पिता से फोन पर संपर्क किया। उन्हें सिंगरामऊ थाने बुलाया गया। पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद रिया को सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

 

विवेक कुमार पत्रकार मुडिला

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें