अंबेडकरनगर दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अकबरपुर और जलालपुर शिक्षा क्षेत्रों में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिवबाबा स्थित कम्पोजिट विद्यालय और जलालपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए।
दोनों शिक्षा क्षेत्रों में कुल 308 लाभार्थियों के लिए 435 सहायक उपकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें अकबरपुर में 185 लाभार्थियों के लिए 258 और जलालपुर में 123 लाभार्थियों के लिए 177 उपकरण शामिल हैं।
उपकरणों में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, वॉकिंग स्टिक, रोलेटर, ब्रेल किट और कैलीपर सहित अन्य सामग्री शामिल है। इनसे बच्चों को विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई करने में सहूलियत मिलेगी।
इस दौरान एबीएसए हिमांशु मिश्रा, किरण कुमारी, मनोज मिश्रा, अलकमा सहित शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।



















