अम्बेडकर नगर।
अम्बेडकरनगर जनपद के हंसवर क्षेत्र में स्थित भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी पर घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सोमवार को सुबह से ही गैस लेने के लिए ग्राहकों की लंबी कतार लग गई, जो देर शाम तक जारी रही। बावजूद इसके कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।
सुबह करीब 5 बजे से ही लोग सिलिंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंचने लगे थे। दोपहर करीब 3 बजे तक एजेंसी के बाहर करीब 250 से अधिक लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। ग्राहकों का आरोप है कि एजेंसी की डिलीवरी गाड़ियां गांव और कस्बों तक नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं, जिससे उन्हें मजबूरन एजेंसी तक आना पड़ता है।
स्थानीय उपभोक्ताओं रवि, संदीप, रमन और प्रियांशु ने बताया कि उन्हें 45 दिनों के भीतर गैस सिलिंडर मिलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं तौफीक ने बताया कि वह सुबह 5 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन 15 दिनों से डिलीवरी वाहन उनके क्षेत्र में नहीं पहुंचा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
रवि ने मांग की कि पहले की तरह डिलीवरी वाहन तय समय पर गांवों में पहुंचे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। वहीं मयंक ने भी अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वह पिछले सप्ताह भी गैस नहीं मिलने के कारण खाली हाथ लौट गए थे और इस बार भी उन्हें वही स्थिति झेलनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि लगातार हो रही इस समस्या से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।


















