अम्बेडकर नगर
अम्बेडकरनगर जनपद के टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टांडा–हंसवर मार्ग पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुलेमपुर बाजार के पास करीब रात 8 बजे अज्ञात चार पहिया वाहन ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान हंसवर थाना क्षेत्र के फाजिलपुर उस्का निवासी 25 वर्षीय पंकज यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंकज यादव एक डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और रोज की तरह बुधवार शाम को अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुलेमपुर बाजार के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी 112 मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पंकज यादव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।



















