24 घंटे में दो हत्याओं से सनसनी, पुलिस के मुखबिर तंत्र पर उठे सवाल

0
1

अम्बेडकर नगर

के.मास संवाद..जनपद अंबेडकरनगर में महज 24 घंटे के भीतर हुई दो जघन्य हत्याओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्यारों की शातिराना चाल के आगे पुलिस के सभी तंत्र फिलहाल बेअसर नजर आ रहे हैं। लगातार दो शव मिलने की घटनाओं से आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है।मंगलवार को टांडा कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी लकड़ी व्यवसायी सुरेन्द्र मांझी की हत्या कर उनका शव जनार्दनपुर गांव के बाहर फेंक दिया गया था। गले पर धारदार हथियार के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है।इसी बीच बुधवार को एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। हंसवर थाना क्षेत्र के पूरा चौबे निवासी अरविन्द प्रजापति का शव अकूतपुर स्थित नहर के पास खेत में मिला। शव के मुंह से झाग निकलता देख परिजनों और ग्रामीणों ने विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। प्राथमिक तौर पर यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।लगातार दो हत्याओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटनाओं के बावजूद पुलिस का मुखबिर और खुफिया तंत्र क्यों निष्क्रिय साबित हो रहा है। दोहरे हत्याकांड के पीछे क्या कारण हैं—आपसी रंजिश, व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा या कोई अन्य साजिश—यह अब भी अनसुलझी पहेली बनी हुई है।घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल, इन दो हत्याओं ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आम जनता की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई और जल्द खुलासे पर टिकी हुई हैं।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें