माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 तीन गांधी नगर में बोर्ड लगाने को लेकर हुई मारपीट में पुलिस ने दूसरा अभियोग दर्ज किया है। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 तीन गांधी नगर में शासन से नामित सभासद शिवा शर्मा और रामसागर शर्मा का घर अगल बगल है। छः जून को शिवा शर्मा अपने घर के पास अपने नाम का बोर्ड लगवा रहे थे।जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी।इस संबंध में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अहरौला पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। बात इतनी आगे बढ़ गई थी कि आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ लग गए थे। घटना के एक सप्ताह बाद रामसागर शर्मा द्वारा शिवा शर्मा के ऊपर लाठी डंडे से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए अभियोग दर्ज कराया।उसके बाद शिवा शर्मा और अन्य भाजपाई पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के यहां पहुंच गए। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अहरौला पुलिस ने रामसागर शर्मा और उनकी पत्नी पर मारपीट और संपत्ति की क्षति पहुंचाने का अभियोग दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला मन्तोष सिंह का कहना है दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर आरोप लगाया है पुलिस अभियोग दर्ज कर विधिक कार्यवाही में लगी है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आयेगे उस हिसाब से पुलिस कार्यवाही करेगी।
अहरौला से संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू की रिपोर्ट














