ब्यूरो रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम
जौनपुर-
क्रांतिकारी पत्रकार परिषद (पंजी.) के केंद्रीय प्रमुख माननीय अनिल दूबे आजाद के निर्देश पर जौनपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन केंद्रीय प्रमुख की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने पत्रकारों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मीडिया जगत की बदहाल आर्थिक स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्रामीण स्तर पर कार्यरत अधिकांश पत्रकार अवैतनिक रूप से कार्य कर रहे हैं। दिन-रात जनता की आवाज उठाने वाले पत्रकार स्वयं आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्हें न तो न्यूनतम वेतन मिलता है और न ही सामाजिक सुरक्षा का लाभ।
संगठन की प्रमुख मांगों में पत्रकारों के लिए न्यूनतम वेतन की गारंटी, ग्राम पंचायत स्तर तक सरकारी विज्ञापन व विज्ञापन कमीशन व्यवस्था लागू करना, पत्रकारों व उनके परिवार के लिए मुफ्त स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, शिक्षा में विशेष रियायत तथा पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से सक्रिय पत्रकारों को आर्थिक सहायता शामिल है। संगठन ने यह भी मांग की कि मीडिया आयोग का गठन किया जाए, ताकि पत्रकारों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
केंद्रीय प्रमुख अनिल दूबे आजाद ने कहा कि यदि लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है, तो पत्रकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना अनिवार्य है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस गंभीर स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने नवागत पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस का चित्र भेंट किया। साथ ही नए पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
प्रदेश प्रभारी तरुण शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि क्रांतिकारी पत्रकार परिषद का विस्तार हर प्रदेश में हो रहा है और संगठन अपने सभी पत्रकार साथियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जिला अध्यक्ष चंद्रजीत यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश प्रभारी अनुराग, पूर्वांचल प्रदेश प्रभारी सिराज अहमद, जिला प्रभारी प्रकाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजय बहादुर, जिला कोषाध्यक्ष मिथिलेश यादव, जिला सचिव नसरुद्दीन, वरिष्ठ पत्रकार राकेश शर्मा, तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार यादव, तहसील सचिव विनोद कुमार यादव, तहसील महासचिव मनोज सिंह, ब्लॉक मीडिया प्रभारी इंद्रेश यादव, धर्मेंद्र बिंद (ब्लॉक महासचिव खुटहन), डॉ. अमित, कमर अब्बास, तौफीक उर्फ लड्डन सहित जनपद के सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।













