पुराने विवाद में मारपीट के बाद तीन राउंड फायरिंग की सूचना; दो घायल, पुलिस ने बरामद किए खोखे
दोस्तपुर /अखंडनगर
अखण्डनगर स्थानीय थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव में सोमवार दोपहर करीब दो बजे पानी टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। मारपीट के दौरान तीन राउंड फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि काली स्कॉर्पियो से पहुंचे कुछ लोगों ने फायरिंग की और इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे उनके साथियों ने वहां मौजूद लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।
मारपीट में ऋषि सिंह पुत्र स्व. अनुरुद्ध सिंह निवासी खड़सरा, मोतिगरपुर और ऋषिकेश पुत्र रामनवल निवासी हकीमपुर, अखण्डनगर घायल हुए हैं। वहीं रवि प्रजापति ने फायरिंग के दौरान जमीन पर लेटकर जान बचाने की बात कही।
सूचना पर एसएसआई संतोष कुमार राय और उपनिरीक्षक अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद कर जाँच शुरू की।
घायल ऋषिकेश ने तीन नामजद समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ लाठी- डंडो से जान से मारने की नीयत से फायरिंग का आरोप लगाते हुऐ तहरीर दी है थाना प्रभारी के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जाँच की जा रही है । मौके पर शांति व्यवस्था कायम है ।
अर्पित मिश्रा संवाददाता दोस्तपुर


















