सुल्तानपुर
सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाना क्षेत्र के दहलवा पौधान रामपुर निवासी प्राइवेट लाइनमैन दुर्गा प्रसाद (38) की करंट लगने से हुई मौत के बाद शुक्रवार शाम गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और शव लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। हालांकि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब तीन मिनट में जाम समाप्त करा दिया गया। एसडीएम कादीपुर ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी और अलीपुर पावर हाउस का पूरा स्टाफ 24 घंटे के भीतर बदलने का आदेश दिया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रसाद पुत्र स्वर्गीय बलजोर पिछले करीब पांच वर्षों से लाइन बनाने का काम कर रहे थे। गुरुवार को वह रोज की तरह सुबह 9:00 बजे घर से निकले थे। दोपहर करीब 2:00 बजे मिसिरपुर जलालपुर ग्राम सभा में किसी ने फोन कर उन्हें लाइन बनाने के लिए बुलाया। वहां शटडाउन लेकर काम करने के दौरान अचानक करंट लगने से उनकी मौत हो गई।
शव पहुंचने पर सड़क जाम, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
शुक्रवार शाम 4:25 बजे पोस्टमार्टम के बाद दुर्गा प्रसाद का शव सुल्तानपुर से उनके घर पहुंचा। शव को घर पर उतारने के दौरान लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा था, तभी गांव के कुछ लोग उग्र हो गए और शव को सड़क पर ले जाकर जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद अखंड नगर इंस्पेक्टर धीरेंद्र वर्मा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तीन मिनट के भीतर सड़क जाम खुलवाकर शव को वापस घर रखवाया।
50 हजार की सहायता और पावर हाउस स्टाफ बदलने का आदेश
घटना की सूचना पर एसडीएम कादीपुर मयंक मृदुल मौके पर पहुंचे और मृतक की पत्नी प्रियंका देवी को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही एसडीएम ने आदेश दिया कि 24 घंटे के भीतर अलीपुर पावर हाउस के सभी स्टाफ को बदल दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां कोई भी स्थानीय स्टाफ नहीं रखा जाएगा और बाहर से स्टाफ लाकर कार्य कराया जाएगा।
इस दौरान नायब तहसीलदार कादीपुर कौशल कांत मिश्रा, हल्का लेखपाल के अलावा चंदा, मोतिगरपुर, कादीपुर और दोस्तपुर थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही।
परिवार में शोक की लहर
मृतक दुर्गा प्रसाद के परिवार में पत्नी प्रियंका देवी और तीन बच्चे हैं—सबसे बड़ा बेटा प्रिंस (17) बीए में पढ़ता है, दूसरा अंकुश (16) हाई स्कूल का छात्र है और सबसे छोटा मनीष (14) कक्षा 9 में पढ़ता है। दुर्गा प्रसाद दो भाइयों में बड़े थे; उनका छोटा भाई सिकंदर (35) नासिक में बेकरी का काम करता है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और गांव में मातम पसरा है।
पत्नी की तहरीर पर थाना अध्यक्ष अखंड नगर ने जेई दीनदायल यादव, चंद्रजीत यादव और विमलेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्त्या व एससी एसटी का केस दर्ज किया।












